गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में जनस्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बने रफाका नाले को ढकने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। शुक्रवार को विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्बर्याल के साथ मसवानपुर से रफाका नाले का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर स्थिति दिखाकर इसे अविलंब बंद (ढकने) किए जाने की मांग की। निरीक्षण के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि आवास विकास से निकलने वाला यह रफाका नाला मसवानपुर, रावतपुर से होते हुए विजयनगर में गंदानाले का रूप ले लेता है और शास्त्री चौक, बर्रा, तात्या टोपे नगर आदि क्षेत्रों से गुजरते हुए आगे पांडु नदी में मिलता है। लगभग नौ किलोमीटर लंबे इस खुले नाले से लगातार जहरीली गैसों का उत्सर्जन हो रहा है, जिससे आसपास रहने वाले बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवक गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।