गंगाघाट नगर पालिका बोर्ड की बैठक शनिवार को पालिकाध्यक्ष कौमुदी पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभासदों की सहमति के बाद 116.52 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का प्रस्ताव पास किया गया। इस बजट से नये वित्तीय वर्ष में वार्डों में पेयजल, सफाई, बिजली, सड़क, सुंदरीकरण आदि के काम कराए जाएंगे। गंगाघाट नगर पालिका की यह चौथी बोर्ड बैठक थी। दोपहर लगभग 1:45 बजे सभासदों की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई। पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बजट संबंधी अभिलेखों को पढ़ा। इस पर सर्वसम्मति से सभी सभासदों ने सहमति दी। नये बजट की धनराशि से नगर के कई वार्डों में साफ-सफाई, जल निकासी, पार्कों का सुंदरीकरण, मार्ग प्रकाश, पेयजल समेत अन्य मदों में विकास कार्य कराएं जाएंगे। ईओ ने बताया कि 116 करोड़ से अधिक का बजट पास हुआ है।