रूरा थाना क्षेत्र के काशीपुर में सोमवार दोपहर को खेलने के दौरान मासूम भाई- बहन ईंट भट्ठे के पास पानी भरे गड्ढे में गिर गए। जानकारी होने पर पास मौजूद मजदूर दोनों को गड्ढे से निकालकर सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। महोबा के महोकंठ थाना क्षेत्र के अमानपुरा निवासी इलाही बक्श व उनकी पत्नी शबीरा खातून दो साल से काशीपुर ईंट भट्टा पर मजदूरी कर रहे हैं। सोमवार को दोनों ईंट पाथ रहे थे। उनका बेटा रमजान (10) व बेटी नाजरीन (7) पास में ही खेल रहे थे। खेलने के दौरान दोनों मिट्टी फुलाने के लिए पानी से भरे गए गड्ढे में गिर गए। वहां से निकल रहे मजदूर हरपाल ने बच्चों को गड्ढे में छटपटाता देख गड्ढ़े से निकाला और बाइक से सीएचसी रूरा ले आए। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।