गोवा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग में मारे गए कानपुर के शेफ रोहन सिंह का शव मंगलवार को जैसे ही शहर पहुंचा तो माहौल शोक से भर गया। शव पहुंचते ही उनके मामा के घर चीख-पुकार मच गई। परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। मामा के बेटे मुंबई निवास विजय ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सरकार से न्याय की गुहार लगाई । कल्याणपुर निवासी मामा लाल सिंह ने बताया कि नेपाल में रह रही रोहन की मां बेटे की मौत की खबर सुनकर तुरंत रवाना हो गई हैं और देर रात तक उनके कानपुर पहुंचने की उम्मीद है। मां के आने के बाद ही बुधवार को रोहन का अंतिम संस्कार किया जाएगा। गोवा में शनिवार देर रात हुए इस हादसे ने पूरे शहर को दहला दिया। अरपोरा इलाके में स्थित नाइट क्लब में बेली डांस कार्यक्रम रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरे क्लब को अपनी गिरफ्त में ले लिया। चीख-पुकार के बीच लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन घना धुआं और तेज लपटें रास्ता रोकती रहीं। इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में कानपुर के कल्याणपुर निवासी रोहन सिंह भी शामिल थे, जो इसी क्लब में शेफ के तौर पर काम करते थे। हादसे के वक्त रोहन किचन में थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। रोहन मूल रूप से नेपाल के रहने वाले थे। पिता की मृत्यु के बाद उनकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद रोहन अपने मामा के साथ कानपुर आ गए और यहीं पले-बढ़े। हाईस्कूल पास करने के बाद पहले यहां होटल में काम किया इसके बाद अच्छी सैलरी मिलने पर गोवा चला गया।