प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई को मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवाओं के विस्तार का शुभारंभ करेंगे। इसके अगले दिन 31 मई को सुबह 06 बजे से इस रूट पर मेट्रो की यात्री सेवाएं आरंभ हो जाएंगी। इस रूट के मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सहायता के लिए अतिरिक्त स्टॉफ की तैनाती की जाएगी। इसे लेकर मंगलवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर प्रशिक्षण दिया गया। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फर्स्ट एड की भी जानकारी दी गई। साथ ही भीड़ प्रबंधन, इमरजेंसी एग्जिट प्लान, एएफसी, टिकट वेंडिंग मशीन, फायर अलार्म कंट्रोल पैनल, सीसीटीवी निरीक्षण, पैसेंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम, आदि के बारे में बताया गया।