फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: कानपुर में विस्फोट के पीछे साजिश? धमाके की जांच में जुटी पुलिस

Video Updated Thu, 09 Oct 2025 11:06 AM IST

कानपुर के मेस्टन रोड स्थित बिसातखाना इलाके में बुधवार शाम हुए धमाके ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। यह विस्फोट बिसातखाना की दुकानों के बाहर खड़ी दो स्कूटी में हुआ, जिनमें चाबियां लगी हुई थीं। धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों में रखे पटाखे वाली बंदूकें, खिलौने, सजावटी सामान और फूल सड़क पर बिखर गए। सामने की दुकानों के शीशे टूट गए, जबकि कई पटाखे और खिलौने बिजली के तारों में जा लटके।

धमाके की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और पुलिस ने इलाके को घेरकर सील कर दिया। मूलगंज, कोतवाली, अनवरगंज और बादशाहीनाका थाने का फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गया। वहीं संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) विनोद कुमार सिंह, डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी एलआईयू महेश कुमार और एडीसीपी महिला अपराध डॉ. अर्चना सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फॉरेंसिक टीम, एटीएस, एलआईयू और मिलिट्री इंटेलीजेंस की टीमें भी जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विस्फोट लो एक्सप्लोसिव या पटाखों से हुआ था। हालांकि पुलिस साजिश की संभावना से इनकार नहीं कर रही है, क्योंकि दीपावली का त्योहार नजदीक है और बाजारों में भीड़भाड़ बढ़ी हुई है। एटीएस और फॉरेंसिक टीम ने स्कूटी व आसपास से बारूद के कणों के नमूने जुटाए हैं।

विस्फोट के बाद डॉग स्क्वॉड ने भी इलाके की तलाशी ली। पुलिस ने बिसातखाना, चौक और मिश्री बाजार की गलियों में कांबिंग कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चल सके।

सूत्रों के अनुसार, धमाका लाल या काली स्कूटी में हुआ, हालांकि जांच अभी जारी है। दोनों स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, लेकिन पेट्रोल टंकियां सुरक्षित रहीं। यह राहत की बात रही कि टंकी फटने से बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक बारूद के निशान मिले हैं, लेकिन उसकी तीव्रता कम पाई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा था या किसी साजिश का हिस्सा। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और बाजार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल में जुटी हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें