फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur Case: Love Marriage के बाद पत्नी की हत्या, पति फरार | UP News

पनकी थाना क्षेत्र में लव मैरिज के महज तीन महीने बाद पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि वारदात के बाद पति फरार हो गया। सोमवार शाम महिला की मां के घर पहुंचने तक पति मौके पर मौजूद था, लेकिन पुलिस को सूचना देने की बात सामने आते ही वह फरार हो गया। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी, एडीसीपी कपिल देव और पनकी थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

शताब्दीनगर स्थित रामगंगा इनक्लेव की तीसरी मंजिल पर शोएब खान उर्फ सौरभ और दीपिका सैनी (27) किराये के मकान में रह रहे थे। दोनों ने अक्टूबर 2025 में प्रेम विवाह किया था। शोएब पेशे से ट्रक चालक है और अहमदाबाद में काम करता है। डीसीपी पश्चिम के अनुसार पड़ोसियों ने बताया कि शोएब रविवार को घर आया था।

सोमवार दोपहर पति-पत्नी के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। करीब दो घंटे बाद अचानक शोर सुनाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शोएब दरवाजे को जोर-जोर से धक्का दे रहा था, जिस पर आसपास के लोग बाहर निकल आए। अंदर दीपिका बेड पर बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। पड़ोसियों ने इसकी सूचना दीपिका की मां चित्रा को दी, जो बर्रा-आठ में रहती हैं। वह कुछ ही देर में अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस को सूचना देने की बात होते ही पति मौके से फरार हो गया।

पनकी थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की है। दीपिका की गर्दन पर रस्सी से कसे जाने के निशान पाए गए हैं। यह दोनों की दूसरी शादी थी। दीपिका की पहली शादी खालिद से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे रुद्र और अनिरुद्ध हैं। घटना के समय चार वर्षीय बेटा रुद्र घर के अंदर मौजूद था, उससे भी पुलिस ने जानकारी जुटाई है।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की भी आशंका जताई जा रही है। कुछ पड़ोसियों ने बताया कि शोएब ने दरवाजा तोड़कर दूसरे कमरे में फंदे पर लटकी दीपिका को उतारकर बेड पर लिटाया था। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। महिला की मां ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी शोएब की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पश्चिम जोन की सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। ऑपरेशन त्रिनेत्र और ऑपरेशन हर घर के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें