गुरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तीमारदारों के लिए निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का रविवार को क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने काम को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जानकारी के अनुसार लगभग 49 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस सामुदायिक भवन का भूमि पूजन 23 सितंबर 2025 को किया गया था। भवन के निर्माण से बाहर से इलाज कराने आने वाले मरीजों के तीमारदारों को ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक आपातकालीन भवन की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। उन्होंने इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर निर्माण कार्य शुरू कराने की पहल करने की बात कही। इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओपी राठौर, मनोज जैन बंटी, डॉ. रवि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।