स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं। मीटर रीचार्ज कराने के कुछ ही घंटों या दिनों में बैलेंस खत्म होने की शिकायतों से नाराज उपभोक्ताओं ने मंगलवार को सुकुवां-ढुकुआं कॉलोनी स्थित अधिशासी अभियंता (कमर्शियल) कार्यालय पर पहुंचकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ महिलाओं ने ईंटें उठाकर फेंकने का प्रयास भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। दोपहर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता कार्यालय पहुंचे। किसी के हाथ में मोबाइल था तो कोई रीचार्ज की रसीद लेकर आया था। उन्होंने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए आरोप लगाया कि मीटर में जमा राशि तेजी से कट रही है और कई मामलों में हजारों रुपये जमा करने के बाद भी बैलेंस निगेटिव दिख रहा है।