होली के उपलक्ष्य में झोकनबाग स्थित संघ कार्यालय में रंग उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और पारंपरिक ढंग से मनाया गया। फाग की चौकड़ियों, हरि नाम संकीर्तन की स्वर लहरियों से पूरा परिसर भक्तिमय होकर गूंज उठा। कवियों ने संघ पर भी विश्लेषण करने वाली कविता का पाठ करते हुए कहा- जाति पंथ को खंडित कर जो धर्म विचारक बनता है, संत रूपी होता है जो संघ प्रचारक बनता है। पारंपरिक गीतों और भजनों के साथ रंग उत्सव मनाया गया। एक-दूसरे को फूल अर्पित कर होली की शुभकामनाएं दी गईं। फूलों की होली ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस्कॉन मंदिर से आए ब्रजभूमिदास और उनके सहयोगियों ने हरिनाम संकीर्तन कर सबको आनंदित किया। वहीं कवियों ने काव्यपाठ कर सबका मन मोह लिया। कवि संजीव दुबे, अर्जुन सिंह चांद समेत उरई से आए युवा कवि शिवा शुक्ला ने देशभक्ति और संघ पर काव्यपाठ कर पूरे कार्यालय का माहौल देशभक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, विभाग संघचालक शिवकुमार भार्गव, सह महानगर संघचालक जयसिंह सेंगर, विभाग प्रचारक मनोज, प्रांत घुमंतू कार्य प्रमुख अरुण, विभाग कार्यवाह चौधरी धर्मेंद्र सिंह, महानगर कार्यवाह मुकुल, मेयर बिहारी लाल आर्य, विधायक राजीव सिंह पारीछा, विधायक जवाहर राजपूत, रामनरेश तिवारी आदि मौजूद रहे।