कस्बा के मुहल्ला अखाड़ापुरा स्थित सावित्री चौराहे से लेकर शिव मंदिर तिराहे तक जल जीवन मिशन के अंतर्गत डाली गई पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज होने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। पाइपलाइन से हो रहे रिसाव के कारण पानी लगातार सीसी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत ठेकेदार द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था। कार्य पूरा होने के बाद सड़क को ऊपर से बंद कर दिया गया, लेकिन अंदर डाली गई पाइपलाइन सही तरीके से नहीं जोड़ी गई, जिसके चलते अब उसमें लीकेज की समस्या सामने आ रही है। जलापूर्ति शुरू होते ही पाइपलाइन से पानी रिसकर सड़क पर फैलने लगता है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति बन जाती है।