एक युवती ने सीएचसी में तैनात एक डॉक्टर पर चौंकाने वाला खुलासा किया है। युवती का कहना है उसके अलावा डॉक्टर दो और शादी कर चुका है और हाल ही में एक बैंक मैनेजर को शादी का झांसा देकर डॉक्टर ने दुष्कर्म किया है। मूल रूप से समथर थाना अंतर्गत एक गांव की युवती ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में उसकी जान पहचान जालौन के जुगराजपुरा गांव निवासी डा. राजवीर सिंह से हुई थी। राजवीर पहले से शादीशुदा था। उसने यह बात छिपाकर दोस्ती की। नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो बना लिया। इसका विरोध करने पर शादी करने का झांसा दिया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। कोविड काल में उसने शादी कर ली। पुत्री के जन्म के बाद अचानक राजवीर अलग रहने लगा। घर आने पर तमंचा दिखाकर जान से मार डालने की धमकी देता था। इस दौरान उसे अन्य युवतियों से उसके संबंध का पता चला। पीड़िता ने बताया कि उससे शादी होने के बाद वह एक और शादी कर चुका है।