उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को विकासखंड चिरगांव में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन किया। कर्मचारियों ने ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य किए जाने तथा गैर-विभागीय कार्यों में लगाए जाने का विरोध जताया। इसी क्रम में कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी रामकुमार वर्मा को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें उनकी प्रमुख मांगों और समस्याओं का विस्तृत उल्लेख किया गया। धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली ग्रामीण क्षेत्रों की नेटवर्क समस्या के कारण कार्य व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। वहीं, गैर विभागीय कार्यों में लगाए जाने से ग्रामीण विकास से जुड़े मूल दायित्वों का निर्वहन बाधित होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। सत्याग्रह में जिला मंत्री नीरज तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष हरी सिंह, आलोक चतुर्वेदी, सुदीप तिवारी, वेद प्रकाश साहू, संजय, राधावल्लभ नायक, गीता भुर्जी, पूजा समाधिया, प्रियंका शर्मा, काजल चौधरी एवं मणि शर्मा सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।