सोमवार को राजकीय अतिथि पट्टाचार्य श्री विशुद्ध सागर महामुनिराज का शहर में मंगल प्रवेश होगा। श्रद्धालुओं द्वारा भव्य अगवानी की जाएगी और शोभायात्रा श्री दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर पहुंचेगी। यहां धर्मसभा में आचार्य श्री के मंगल प्रवचन होंगे। शाम 4:30 बजे श्री श्रमण संस्कृति भवन से आचार्य श्री ससंघ भव्य शोभायात्रा के साथ प्राचीन जैन तीर्थस्थल करगुंवा जी पहुंचेंगे। 12 से 17 मई तक भगवान महावीर महातीर्थ में श्री मज्जिनेंद्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक महोत्सव होगा। वहीं, बीती शाम भगवान महावीर महातीर्थ में भगवान श्री चंद्रप्रभु एवं भगवान श्री शीतलनाथ जी की दिव्य प्रतिमाओं की स्थापना की गई। इसके पूर्व उनका प्रथम तिलकदान करने का सौभाग्य सुमन - खुशाल जैन, आस्था - अर्पित जैन, ममता - प्रदीप जैन, निकिता - सजल जैन को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, कार्याध्यक्ष कैलाश चंद्र जैन वर्धमान, अजीत कुमार जैन, ललित जैन, मुख्य संयोजक सिंघई संजय जैन, वरुण जैन, केतन जैन, डॉ. राजीव जैन, दिनेश जैन डीके आदि मौजूद रहे। संचालन महामंत्री सौरभ जैन सर्वज्ञ ने किया।