आजाद समाज पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमेटी का सदस्य बनने के बाद पहली बार झांसी आए दामोदर यादव को पुलिस व प्रशासन ने शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी। झांसी रेलवे स्टेशन परिसर में ही पुलिस ने उनकी गाड़ी रोक ली। इसके चलते, वे कार्यक्रम में शामिल हुए बिना दतिया लौट गए। हालांकि, प्लेटफार्म पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रीय कोर कमेटी का सदस्य बनने के बाद दामोदर यादव को सम्मानित करने के लिए इलाइट चौराहे-सीपरी बाजार रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में पार्टी व भीम आर्मी के नेताओं ने समारोह का आयोजन किया था। इधर, दोपहर में एपी एक्सप्रेस से प्लेटफार्म पर उतरने पर पार्टी नेताओं ने दामोदर का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वे कार में बैठकर कार्यक्रम स्थल पर जाने के लिए निकले। इसी बीच, जीआरपी इंस्पेक्टर रावेंद्र कुमार मिश्रा व नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव फोर्स के साथ स्टेशन पहुंच गए और दामोदर यादव को रोक लिया।