सांसद अनुराग शर्मा की जमीन के नाम पर फर्जी कागज तैयार करके फसल बीमा की रकम हड़पने का आरोपी ऋतिक को पुलिस ने उसके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। दिसंबर महीने में अमर उजाला ने ही इस खेल का भंडाफोड़ किया था। उसके बाद उपनिदेशक कृषि एमपी सिंह ने प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस को आरोपी करीब 3 महीने से चकमा दे रहे थे। आखिरकार पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास फर्जी दस्तावेज समेत एक लाख रुपए भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है इस खेल का मास्टरमाइंड अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। एएसपी अरीबा नोमान ने बताया कि थाना प्रेमनगर और गरौठा में फसल बीमा करने वाले आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज हुए थे। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी खसरा-खतौनी और अन्य दस्तावेज तैयार कर फसल बीमा की रकम हड़प लेते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में जालौन जिले के धुरवई निवासी भूपेंद्र राजपूत, पारस नायक और ऋतिक तिवारी उर्फ रानू शामिल हैं। रितिक ने ही सांसद अनुराग शर्मा के नाम जमीन का फर्जी वाला करके फसल बीमा के रकम हड़पी थी।इनके पास से एक लाख रुपये नकद, कंप्यूटर सेट (सीपीयू, मॉनिटर, माउस) और बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं।