झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर शुक्रवार शाम करीब छह बजे एक कार पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंची। चालक रामकिशोर राजपूत निवासी बेलमा कला मोंठ ने जैसे ही वाहन पंप के पास खड़ा किया, तभी अचानक इंजन से तेज धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग की लपटें उठने लगीं। कार में सुमन देवी पत्नी जागेश्वर, रश्मि पत्नी रामकिशोर और नीलम पत्नी नरेश सहित अन्य परिजन सवार थे। आग लगते ही वाहन में बैठे सभी लोग घबरा गए। मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप कर्मचारियों और समीप स्थित रेस्टोरेंट के स्टाफ ने तत्काल अग्निशामक यंत्रों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। रामकिशोर ने बताया कि वह परिवार सहित जालौन जनपद के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पेट्रोल पंप पर वाहन रोकते ही अचानक इंजन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कर्मचारियों की तत्परता की वजह से बड़ा हादसा होने से टल गया।