बिजली बिल राहत योजना (ओटीएस) की शुरुआत एक दिसंबर 2025 से हुई थी। शहरी क्षेत्र में लंबे समय से राशि जमा न करने वाले 1290 उपभोक्ता थे। इनमें से कल तक 752 ने ही पंजीयन कराया था लेकिन शुक्रवार को 28 और लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में पंजीयन कराया। यही नहीं, चोरी के मामलों में शहरी क्षेत्र में कुल 2939 उपभोक्ता थे। इनमें से 12 के पंजीयन एक ही दिन में हुए। दोनों श्रेणियों में अब तक तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली हुई है। पंजीयन में रुचि न लेने वालों के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी। एक्सईएन (वाणिज्य) रविंद्र कुमार का कहना है कि शुक्रवार की सुबह से शाम तक घर-घर जाकर अभियान चलाया गया। अब चोरी के मामलों में सख्ती की जाएगी। महाअभियान के तहत मुन्नालाल पावर हाउस में पंजीयन के लिए शिविर लगाया गया। इसमें एक्सईएन एसपी सोनकर, एसडीओ पुष्पेंद्र सिंह, सुमंत चतुर्वेदी, अवर अभियंता समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर रहकर पंजीयन कराए।