झांसी। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान, ढोल की थाप, संगीत की मधुर धुन और डांडिया की खनक। कदमों की थिरकन के साथ गरबा के गोल घेरे बने तो पूरा परिसर लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर हो गया। हर तरफ उत्साह और उल्लास का माहौल था। मौका था बृहस्पतिवार को आईटीआई रोड स्थित एक्सपीरियंस बाय ग्रैंड्रीम्स में आयोजित अमर उजाला गरबा उत्सव का। अमर उजाला एवं द राइज मीडिया की संयुक्त प्रस्तुति में सजे इस उत्सव में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शामिल हुए। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नवरात्र और दिवाली के उल्लास के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने गरबा और डांडिया के जरिए भारतीय परंपरा, संगीत और सामूहिक उत्सव का आनंद लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। संगीत की लय पर थिरकते कदम और डांडिया की खनक से पूरा माहौल उत्सवमय हो उठा। राजपाल यादव बोले- आई लव झांसी बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने झांसी से अपने पुराने जुड़ाव को साझा करते हुए कहा, "आई लव झांसी।" उन्होंने बताया कि अपने गुरु की वजह से वह पिछले 25 वर्षों से महारानी लक्ष्मीबाई की नगरी झांसी और बुंदेलखंड से जुड़े हुए हैं। इस आयोजन में शामिल होने के बाद उनका जुड़ाव और गहरा हो गया है। उन्होंने कहा कि अब वह झांसी से परिवार की तरह जुड़ गए हैं। उनके इस अपनत्व भरे अंदाज ने मौजूद लोगों का दिल जीत लिया और कार्यक्रम में उत्साह बढ़ा दिया। गरबा की थाप पर थिरके कदम पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की धुन पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। संगीत की लय के साथ ताल मिलाते कदमों और डांडिया की खनक ने माहौल को जीवंत बना दिया। उत्सव में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ नृत्य किया और इस शाम को यादगार बनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहरवासियों को भारतीय लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और सामूहिक उत्सव की परंपरा से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा शामिल हुए। शहर के गणमान्य नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों की सहभागिता ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। सांस्कृतिक आयोजन बढ़ाते हैं आपसी सौहार्द सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के विधिक सलाहकार एडवोकेट आनंद प्रकाश यादव ने कहा कि झांसी के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता ऐसे आयोजनों को विशेष बनाती है। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मौजूदगी खुशी और गौरव का विषय है। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों और शहरवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम आपसी सौहार्द और उल्लास बढ़ाने का माध्यम हैं। झांसी एंपायर के वाइस प्रेसिडेंट हृदेश तिवारी ने नगरवासियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजन समाज में ऊर्जा, आपसी सद्भाव और उल्लास का संचार करते हैं। न्यू पीएस ज्वेलर्स के अंकुर अग्रवाल ने कहा कि पारंपरिक नृत्य, डांडिया और संगीत का संगम भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को दर्शाता है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल नगरवासियों का आभार जताया। सनरेज सोलर एनर्जीज के संस्थापक श्रेयांश अग्रवाल ने गरबा उत्सव को परंपरा, संगीत और उमंग से जुड़ने का माध्यम बताया। हैप्पीपॉट गार्डन के संस्थापक सर्वेश गौतम ने आयोजन की सराहना करते हुए अतिथियों को पारंपरिक पुष्पगुच्छ के स्थान पर पौधे भेंट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे हरियाली को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। झांसी एंपायर के डीजीएम नितिन पटेरिया ने कहा कि शहरवासियों के उत्साह और सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। सहयोगी संस्थाओं ने निभाई सहभागिता अमर उजाला गरबा उत्सव के मुख्य प्रायोजक न्यू पीएस ज्वेलर्स, मां फर्नीचर और मां पीतांबरा हॉस्पिटल रहे। पावर्ड बाय पार्टनर के रूप में झांसी एंपायर और सनरेज सोलर एनर्जीज जुड़े। एक्सपीरियंस बाय ग्रैंड्रीम्स वेन्यू पार्टनर, प्रोसेस पेपर फोटोग्राफी पार्टनर, हैप्पीपॉट गार्डन गिफ्टिंग पार्टनर और खड़क सिंह द ढाबा रिफ्रेशमेंट पार्टनर रहा। रिवोल्यूशन एंटरटेनमेंट ने इवेंट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, झांसी एंपायर के डीजीएम नितिन पटेरिया, ईस्ट वैली के आकाश यादव, भाजपा नेता अमित साहू, सीए रचित अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल, शांतनु अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।