सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो भाजपा से बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा से जुड़ा हुआ है। जिसमें वह मृतकों का नाम काटने के साथ ही विपक्षियों का भी नाम काटने की बात कह रहे हैं। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते हैं। इस वीडियो को लेकर विपक्षी दल सवाल खड़े करने लगे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश अहीर ने कहा कि वायरल वीडियो में भाजपा विधायक रमेश मिश्रा के बयान की जिला निर्वाचन अधिकारी जांच कराए। साथ ही स्पष्टीकरण की मांग करें। जिससे लोकतंत्र में निष्पक्ष एसआईआर हो। हर वर्ग के लोगों का मता अधिकार सुनिश्चित करें। उधर, विधायक ने कहा कि मेरी वीडियो फेसबुक पर अभी पड़ी है, कोई भी व्यक्ति देख सकता है। मैने ऐसी बात नहीं की है। हमारे विपक्षियों ने वीडियो का कुछ हिस्सा काटकर उसे एडिट किया है और आपत्तिजनक चीजें जोड़कर तोड़मरोड़ करते हुए वायरल किया जा रहा है। मेरी छवि खराब करने की कोशिश की गई है।