जौनपुर जनपद में प्रतिबंधित मांझे की अवैध तरीके से बिक्री जारी है। बृहस्पतिवार को मकर संक्रांति के दिन लोग धड़ल्ले से चीनी मांझे से पतंग की पेंच लड़ाते नजर आए। जिलाधिकारी आवास के सामने भी चीनी मांझे से पतंगें उड़ाई गईं। लाइन बाजार थाने की पुलिस ने यहां से सुजीत कुमार खरवार (38) को प्रतिबंधित मांझे के साथ गिरफ्तार किया। शहर कोतवाली, लाइन बाजार और जफराबाद थानों की पुलिस ने कुल 47 लोगों को प्रतिबंधित मांझे के साथ गिरफ्तार कर चालान किया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को पहले थाने ले गई। वहां परिवार के लोग भी पहुंच गए। वह त्योहार का हवाला देते हुए छोड़ने की बात करने लगे। लेकिन, पुलिस ने सख्ती दिखाई तो वे जमानत लेने की तैयारी करने लगे। शहर कोतवाली में पतंग उड़ाने वालों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के लिए पुलिस लाइन से ट्रक मंगाना पड़ा। पकड़े गए आरोपी जब ट्रक में बैठाए जाने लगे तो फफक कर रो पड़े।