जौनपुर जिले में ईंट- भट्ठे पर बैकहो लोडर से खुदाई करके मिट्टी पहुंचा रहा एक ट्रैक्टर भटहर गांव में मंगलवार की शाम 4 बजे अचानक 10 फीट गहरे गेहूं के खेत में पलट गया, जिसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गई। गोपपुर गांव से एक बैकहो लोडर से मिट्टी की खुदाई करके एक ट्रैक्टर रामपुर चौथार गांव में एक ईंट भट्ठा पर मिट्टी पहुंचा रहा था। मिट्टी पहुंचाकर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बगल 10 फीट गहरे गेहूं खेत में पलट गया, जिसके नीचे चालक कल्लू (30 वर्ष) पुत्र पिंकू निवासी मुडांव थाना पंवारा दब गया। साथ में मिट्टी ले जाने का काम कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए मछलीशहर ले जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। साथ के लोग शव उसके घर ले गए। थानाध्यक्ष मीरगंज प्रशांत सिंह का कहना है मृतक का शव उसके परिजन घर लेकर चले गए हैं। पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।