शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां एक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एट थाना क्षेत्र के सेई गांव निवासी श्याम बिहारी पटेल (40), रामकिशुन पटेल (42) व धम्मू पटेल (35) बाइक से उरई में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात को तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक झांसी कानपुर हाईवे स्थित एट थाना क्षेत्र के बिजली घर के पास पहुंची कि अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को मेडिकल भिजवाया। जहां धम्मू को मृत घोषित कर दिया। जबकि दोनों का इलाज चल रहा है। एट थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।