हाथरस में सहपऊ क्षेत्र के गांव नगला कली में महिला गौरी की हत्या के बाद उसका प्रेमी फूट-फूटकर रोया। वह कह रहा था कि तु मुझे छोड़कर नहीं जा सकती। 3 जुलाई की दोपहर करीब 3.30 बजे अपने मौसा के यहां करन अपनी प्रेमिका गौरी के साथ भविष्य के सपने बुन रहा था। इस दौरान उसकी प्रेमिका का पति आदित्य अपने तीन दोस्तों के साथ दो बाइकों से वहां पहुंच गया। पति को सामने देख गौरी के होश फाख्ता हो गए। गौरी को प्रेमी के साथ देख आदित्य अपना आपा खो बैठा और विवाद शुरू हो गया। उस दौरान मौसा रंजीत घर में नहीं था। विवाद ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष घर के सामने के खाली खेत में पहुंच गए। वहां मारपीट शुरू हो गई। बताया गया कि आदित्य के दोस्तों ने करन को पकड़ लिया। गौरी जैसे ही करन को बचाने के लिए आगे बढ़ी तो आदित्य ने गौरी पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी हत्या कर दी। करन ने भी इस दौरान गौरी को बचाने के लिए लाठी उठा ली और अमन के सिर पर प्रहार कर दिया, और अमन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इधर, ईंट से आदित्य के दोस्तों ने करन के सिर पर वार कर दिया। महज 10 मिनट में हुए पूरे घटनाक्रम ने वहां मौजूद लोगों के होश फाख्ता कर दिए। ग्रामीणों को आता देख आदित्य अपने दोस्तों के साथ भाग जाने में सफल हो गया, लेकिन भीड़ को अपनी ओर बढ़ता देख एक ही बाइक पर आदित्य और उसके तीन दोस्त मौके से भाग गए, जबकि हमलावर अमन लहूलुहान हालत में वहीं पड़ा रहा। इधर, प्रेमिका की मौत होने के बाद प्रेमी करन उसकी लाश के पास बैठकर विलाप करता रहा।