तहसील क्षेत्र के गांव अक्खापुर के जंगल में सोमवार की सुबह किसान राजेंद्र सिंह के खेत के पास रजवाहे की पटरी टूट गई। जिस कारण उनके खेतों में खड़ी गन्ने व अन्य फसल पूरी तरह जलमग्न हो र्गइं। राजेंद्र सिंह के अलावा भी आसपास के कई किसानों की सैकड़ों बीघा खेती की जमीन में रजवाहे का पानी भर गया। जिससे खेतों में बोई गई आलू, मटर की फसलों में नुकसान हुआ है। राजेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले दिनों की रजवाहे की सफाई और खोदाई का काम कराया गया है। काम पूरा होने के बाद दो दिन पहले ही पानी छोड़ा गया है। लेकिन, इस दौरान अधिकारियों व ठेकेदार ने रजवाहे की पटरी की मरम्मत की तरफ ध्यान नहीं दिया, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। किसानों ने रजवाहे की पटरी की मरम्मत और खराब हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है। एसडीएम श्रीराम सिंह का कहना है कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर रजवाहे की पटरी की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं, राजस्व टीम भेजकर नुकसान का भी आंकलन कराया जाएगा।