विश्व हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर के मंडी तिराहा पर बांग्लादेश में हिंदू युवक को जलाकर मारने की घटना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में पुतला दहन किया और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने नगर कोतवाल को भारत सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की मांग की गई। प्रदेश महामंत्री गौरव राघव ने कहा कि जिस प्रकार बांग्लादेश में एक हिंदू युवक को जलाकर निर्मम हत्या की गई है, वह अत्यंत निंदनीय और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि वहां लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस विषय को गंभीरता से नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए, ताकि हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुतला फूकने वालों में जिला अध्यक्ष पवन तोमर, पंकज गिरी योगेंद्र तोमर सुमित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।