कुचेसर चौपला की सर्विस रोड पर गहरे गड्ढे और सड़क किनारे बड़ी बड़ी झाड़ियां उगी हुई हैं। जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। गड्ढे में गिरकर राहगीर घायल हो रहे हैं। इसके अलावा सर्विस रोड पर कोई भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगी हुई है जिस कारण शाम के समय ही सड़क पर घना अंधेरा पसर जाता है। इसी मार्ग से ही भोले के भक्त बृजघाट से जल लेकर कावड़िए अपने गंतव्य को पहुंचकर मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ मार्ग की बदहाली कांवड़ियों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। झाड़ियों का अंबार और कचरे से अटे नाले कांवड़ मार्ग की सूरत खराब कर रहे हैं। कांवड़ मार्ग के नाले गंदगी और कचरे से अटे पड़े हुए है जिस कारण बारिश में सड़कों पर जलभराव हुआ पड़ा है जिससे कांवड़ियों को परेशानी हो सकती है। कुछ दिनों में ब्रजघाट से जल भरकर कावड़ियों का जत्था शुरू हो जाएगा, जो बृजघाट से जल भरकर इसी मार्ग से होते हुए कुचेसर चौपला, दत्तियाना, छपकोली और सबली के मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इसके अलावा, बृजघाट से जल लेकर कांवड़िए हापुड़, पिलखुवा, धोलाना और गाजियाबाद तक जाते हैं वह भी इसी मार्ग से होकर गुजरेंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह ने बताया हापुड के डीएम अभिषेक पांडेय शिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक कर रहे है। अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दे रहे है लेकिन कर्मचारी उनके निर्देशों की अनदेखी कर रहे है। कुचेसर चौपला की सर्विस रोड पर स्ट्रीट लाइट लगवाने का ज्ञापन डीएम हापुड को पिछले महीने दिया गया था लेकिन अभी तक इस मार्ग पर लाइट नहीं लगी है । सड़को पर कई फिट पानी भरा हुआ है । जिस कारण सड़को के गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे है । जल लेकर कावड़िए यदि इन गड्ढों में गिर गए तो कावड़िए घायल होने के साथ साथ कांवड़ भी खंडित हो जाएगी। इसलिए कर्मचारी अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी कर रहे और सड़को के गड्ढों की तरफ ध्यान नहीं दे रहे है। व्यापार मंडल के महामंत्री देवेंद्र शर्मा और पवन गोयल ने कहा कि प्रशासन को कांवड़ मार्ग की सफाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए और आवश्यक कदम उठाने चाहिए ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन को झाड़ियों की कटाई ,नालों की सफाई और सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द करवानी चाहिए ताकि कावड़ियों को परेशानी न झेलनी पड़े।