हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर नगर के मोहल्ला राजीव नगर में रविवार को दो पक्षों के बीच आपसी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते पथराव में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पथराव की इस घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहल्लावासियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।