हापुड़ और पिलखुवा की गैस एजेंसियों और गोदामों पर मंगलवार को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। किल्लत की अफवाह के बाद वे लोग भी एजेंसी गैस लेने पहुंच गए जिनके यहां स्टॉक मौजूद था। हापुड़ में कवि नगर गैस एजेंसी पर लोगों की मारामारी रही। जबकि पिलखुवा में मीरापुर गढ़ी स्थित भारत गैस गोदाम पर सिलेंडर को लेकर जमकर हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि गैस की आपूर्ति होने के बावजूद एजेंसी उन्हें सिलेंडर नहीं दे रही है। हंगामा बढ़ता देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन एजेंसी प्रबंधन का कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं मिला, जिससे लोगों में और आक्रोश फैल गया।