जीएस फाटक के पास सोमवार को पुलिस और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि 15 अगस्त 2025 को सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर 85 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस पहले ही 10 बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में जनपद अमरोहा, थाना नौगावां सादात, ग्राम सुल्तानपुर निवासी इस्तेकार की गिरफ्तारी बाकी थी। उसकी गिरफ्तारी पर अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि सोमवार को पुलिस ने इस्तेकार को गिरफ्तार कर कोतवाली में रखा था। हिरासत के दौरान उसने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद मेडिकल परीक्षण के लिए उसे सीएचसी ले जाया जा रहा था। जीएस फाटक के आगे उसने उपनिरीक्षक की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने लगातार फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को पहले सीएचसी और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया। उसके खिलाफ लूट और डकैती के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने नए मामले में भी रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ...............