वट अमावस्या के प्रथम दिन सोमवार को पश्चिमी उप्र, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान प्रदेशों के साथ ही आसपास के जनपदों से पहुंचे करीब दो लाख भक्तों ने गंगानगरी में आस्था की डुबकी लगाई, गंगा स्नान का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। वहीं, पुष्पावती पूठ और लठीरा तट पर भी गंगा स्नान हुआ। अधिकांश भक्त उदया तिथि होने के कारण मंगलवार को स्नान और व्रत करेंगे। वट अमावस्या का महत्व सोमवती होने के कारण और भी बढ़ गया। जिस कारण सुबह से ही भक्तों का आगमन गंगानगरी में होने लगा। हर-हर गंगे के जयघोष के साथ भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई। अधिकांश भक्तों ने पितरों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण किया और तीर्थ पुरोहितों से पूजन कराकर दान दिया। पंडि़त मुनेंद्र तिवारी ने बताया कि वट सावित्रि व्रत मंगलवार को होगा। जिसमें सुहागिन महिलाएं अपने पति की दीघार्यु की कामना कर उपवास रखते हुए वट वृक्ष की पूजा करेंगी।