कानपुर-सागर हाईवे पर कस्बे से मौदहा की तरफ जा रहे बेकाबू ट्रक ने पटरी किनारे बकरी चरा रही महिला को कुचल दिया। घटना में महिला की ट्रक के पहियों के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक हेल्पर के साथ ट्रक छोड़ कर मौके से भाग निकला। कस्बे के इमिलिया थोक के वार्ड संख्या दो के निवासी बाबूलाल कुटार की पत्नी राजरानी (55) शनिवार को हाईवे किनारे बड़े पावर हाउस की बाउंड्रीवॉल के किनारे बकरियां चरा रही थीं। वह पटरी किनारे बैठी थीं। शाम करीब चार बजे कस्बे की तरफ से जा रहा बेकाबू ट्रक उनको कुचलता हुआ हाईवे के नीचे जा घुसा।