डीएपी न मिलने पर किसान यूनियन के नेतृत्व में कुरारा में किसानों ने हमीरपुर कालपी (स्टेट हाईवे) जाम कर दिया। एसडीएम न्यायिक व सीओ सदर ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। सर्वर न आने से ई-पॉस मशीन में अंगूठा न लग पाने के चलते पीसीएफ केंद्र में आई 1200 बोरी खाद का पूरा वितरण नहीं हो सका। मात्र 112 किसान ही खाद पा सके। वहीं मौदहा में किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कस्बा में संचालित पीसीएफ केंद्र पर दो ट्रक डीएपी खाद आने की सूचना पर हजारों की संख्या में किसान सुबह से केंद्र में खाद लेने के लिए लाइन में लग गए। शाम पांच बजे तक खाद न मिल पाने पर नाराज किसानों ने किसान यूनियन के नेतृत्व में हमीरपुर-कालपी हाईवे पर जाम लगा दिया। डेढ़ घंटे बाद अधिकारियों के समझाने पर किसानों ने जाम खोला। पीसीएफ केंद्र प्रभारी जितेंद्र कुशवाहा ने बताया कि सर्वर की कमी के चलते मशीन में अंगूठा न लग पाने से मात्र 112 किसानों को ही खाद मिल सकी। इसी बात से किसान नाराज हो गए।