नगर पंचायत परसपुर के वार्ड-12 राजपुर दक्षिणी (सिलहटा) में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पवन कुमार तिवारी (44) पुत्र कैलाश नाथ तिवारी का शव घर के पीछे बाग में एक पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिला। परिजनों ने जब शव देखा तो चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के वृद्ध पिता कैलाश नाथ तिवारी का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया गया कि पवन कुमार तिवारी अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में पत्नी निशा और छह वर्षीय पुत्र कृष्णा है। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।