गोंडा। जिला महिला अस्पताल में रविवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। जनपद में 5.77 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि अभियान के लिए 1,977 बूथ बनाए गए हैं, जबकि छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए 1,171 घर-घर टीमें, 75 ट्रांजिट और 45 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं। अभियान की निगरानी के लिए 365 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी परिवारों के बच्चों को विशेष प्राथमिकता दी जाए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह सके। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।