पंचायत चुनाव में देरी की आशंका पर प्रधान संघ ने सोमवार को ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की। परसपुर ब्लॉक अध्यक्ष विपिन कुमार उर्फ पिंकू सिंह की अगुवाई में प्रधानों ने प्रभारी एडीओ पंचायत सत्येंद्र सिंह को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि 26 मई को पंचायतों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। मतदाता सूची पुनरीक्षण में देरी और पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन न होने से चुनाव टलने की संभावना है। इसलिए मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड की तरह यहां भी मौजूदा प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। विपिन ने बताया कि मुख्यमंत्री को डाक से भी पत्र भेजा जाएगा। साथ ही 23 या 24 अप्रैल को जिलाधिकारी व जनप्रतिनिधियों को भी ज्ञापन सौंपेंगे। मांग पत्र पर 40 प्रधानों के हस्ताक्षर हैं। इस मौके पर जनमेजय सिंह, देवप्रयाग अवस्थी, सतीश मिश्र, विश्वनाथ मिश्र, अरविंद पांडेय, डब्लू सिंह, बबलू दुबे, कमल सिंह, पंकज आदि मौजूद रहे।