उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा के लिए जिले के विभिन्न केंद्रों पर अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया है। बुधवार को होने वाली परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सुबह से ही हलचल दिखाई दी। परीक्षार्थी समय से पहले केंद्रों पर पहुंचकर अपनी जांच प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे रहे। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर करीब पांच हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का बॉयोमीट्रिक सत्यापन कराया जा रहा है। आयोग की विशेष टीम द्वारा थंब इंप्रेशन सहित अन्य तकनीकी जांच भी की जा रही है, जिसके बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। एलबीएस महाविद्यालय, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जिगर मेमोरियल इंटर कॉलेज समेत सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की गई है। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।