गोंडा। खरगूपुर के इंछापुरवा गांव में लकड़ी काटने की बात कहकर घर से गए छात्र का शव गांव के बाहर सरसों के खेत में आम के पेड़ से लटकता मिला है। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे को खोकर मां रो-रोकर बेहाल है। खरगूपुर थाना के रज्जनपुर इंछापुरवा निवासी पिंटू वर्मा का पुत्र गुलशन वर्मा (14) कंपोजिट विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ाई करता है। रोजी-रोटी के लिए पिता मुंबई में रहते हैं। बुधवार की शाम को वह अपनी मां सीता से लकड़ी काटने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम मां को सूचना मिली कि उनके बेटे का शव घर से 400 मीटर दूर सरसों के खेत में आम के पेड़ से लटक रहा है। सूचना मिलते ही मां घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़ी। वह बेटे का शव देखकर वह बदहवाश हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुलशन का पैर जमीन से छू रहा था। छात्र का शव मिलने की सूचना पर खरगूपुर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।