आंधी-बारिश के बाद दूसरे दिन मंगलवार को भी जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी है। विद्युत विभाग की टीमें युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हैं, लेकिन भारी नुकसान के कारण बहाली में समय लग रहा है। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से टूटे विद्युत खंभों को बदलने और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के जिला मुख्यालयों तथा नगर क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति काफी हद तक सामान्य कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत आपूर्ति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल की जाए। विभाग का दावा है कि शीघ्र ही सभी प्रभावित गांवों में आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।