जेई के निलंबन पर दूसरे दिन भी अभियंताओं का प्रदर्शन गोंडा: राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने अवर अभियंता सुरेश कुमार के निलंबन के विरोध में मंगलवार को दूसरे दिन भी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष चंदन कुमार प्रजापति ने बताया कि 2 जुलाई को तरबगंज के जमालखानी स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में 11 केवी लाइन का तार टूट गया था। फीडर की ट्रिपिंग व्यवस्था से बिजली आपूर्ति तुरंत बंद हो गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सुरेश कुमार ने पहले ही लाइन स्थानांतरण के लिए प्राक्कलन तैयार कराकर स्वीकृति ले ली थी। स्थानीय विवाद और प्रशासनिक सहयोग न मिलने से लाइन शिफ्ट नहीं हो सकी। संगठन का दावा है कि जर्जर लाइन के सुदृढ़ीकरण की कार्ययोजना भी पहले ही भेजी जा चुकी थी। इसके बावजूद अधिकारी का पक्ष सुने बिना निलंबन की कार्रवाई कर दी गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष रामाजी ने निलंबन आदेश निरस्त कर निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।