..क्या नाम है.. मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र लाए हैं..बीएड, डीएड विशेष है.. टेट..सीटेट.. अनुभव..आरसीईआई पंजीकरण..ओके.. साइन करिए। पंतनगर स्थित जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में बृहस्पतिवार को पीएमश्री विद्यालयों में स्पेशल एजुकेटर्स की चयन को लेकर काउंसिलिंग व शैक्षणिक दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों से पूछा गया। इस दौरान 54 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। वर्ष 2023-24 में चयनित 14 पीएमश्री विद्यालयों के साथ आवंटित न्याय पंचायत के विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के अतिरिक्त सपोर्ट के लिए 14 स्पेशल एजुकेटर चयन प्रक्रिया चल रही है। गत 22-31 दिसंबर के बीच जिला सेवायोजन पोर्टल के माध्यम से कुल 223 आवेदन मिले हैं। पंतनगर स्थित बीएसए कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से योग्य अभ्यर्थियों की चयन के लिए डॉयट प्राचार्य व एडी बेसिक रामसागरपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में बीएसए अतुल तिवारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, वित्त एवं लेखाधिकारी सिद्धार्थ दीक्षित और समेकित शिक्षा जिला समन्वय राजेश कुमार सिंह की चयन कमेटी ने अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन किया। अभ्यर्थियों से उनकी योग्यता से संबंधित जानकारी ली। उनका हस्ताक्षर कराया गया है। जिला समन्वयक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मेरिट व साक्षात्कार के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी होगी। वहीं, वर्ष 2024-25 में चयनित कुल 18 पीएमश्री विद्यालयों में संस्था चयन की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि कुल मिलाकर 32 पीएमश्री विद्यालयों में 15,950 रुपये मानदेय के आधार पर चयन किया जाएगा। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान बीईओ आरके सिंह, शशांक सिंह, श्रवण कुमार तिवारी, गणेश कुमार व जगदीश गुप्त समेत अन्य मौजूद रहे।