गोंडा जिले की बालपुर कोतवाली देहात क्षेत्र बालपुर जाट के प्रधान रज्जू यादव के घर पर रविवार की रात कार सवार बदमाश असलहा लहराते हुए पहुंच गए। ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। प्रधान रज्जू यादव ने बताया कि वह परिवार सहित बालपुर जाट हनुमंत नगर में रहते हैं। जबकि उनके पैतृक आवास केशवजोत में रविवार की रात आधा दर्जन कार सवार बदमाश अवैध असलहा लहराते हुए उसके घर पहुंच गए। उस वक्त घर पर केवल प्रधान की माता शांती देवी तथा बुआ मालती व प्रधान का बेटा अभिषेक ही मौजूद था। अभिषेक ने बताया कि वह लोग क्रिकेट मैच देख रहे थे। बदमाश घर में घुसकर अभिषेक की पिटाई करने लगे। उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों के पास से तमंचा बरामद किया है। प्रधान रज्जू यादव ने आदर्श कोहली, आदेश कोहली, ऋषिकेश तथा चार अन्य बदमाशों के खिलाफ तहरीर दिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि प्रधान की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।