यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माताप्रसाद पांडेय बृहस्पतिवार को गोंडा पहुंचे। यहां जिले के विकास कार्यों पर सवाल खड़े किए। कहा कि गोंडा का जो विकास मैंने देखा, उससे मैं बिल्कुल संतुष्ट नहीं हूं। प्रदेश में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को चुनाव आयोग की बड़ी चूक बताया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एसआईआर कराने में चुनाव आयोग पूरी तरह नाकामयाब रहा है। वोटरों की सही जानकारी सुनिश्चित करने के लिए आयोग को पहले मैपिंग करानी चाहिए थी। मैपिंग न होने का सीधा असर यह होगा कि फार्म भरने वाला तीसरे नंबर का व्यक्ति भी किसी का नाम जोड़ या काट देगा। इससे भारी गड़बड़ी और घपले की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि नाम काटने या रखने के लिए अब लोगों को सबूत देना पड़ेगा। इसी में घपले की सबसे ज्यादा संभावना पैदा होगी। एसआईआर की प्रक्रिया को पक्षपातपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह केवल वोट काटने की रणनीति है।