उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के साथ गोंडा के मनकापुर पहुंचे। उन्होंने केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के पिता पूर्व मंत्री आनंद सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करके श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों से मुलाकात करके शोक व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने सीएचसी पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। यहां से निकलकर मंडल के चारों जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर देवीपाटन रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक, डीएम नेहा शर्मा, एसपी विनीत जायसवाल, सीडीओ अंकिता जैन, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा के साथ ही अन्य मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सपा मुखिया के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। जब उनकी सरकार थी। गुंडई, अराजकता, लूटखसोट मची हुई थी। सपा के लोग दुकानें कब्जा कर रहे थे। व्यापारियों से वसूली कर रहे थे। भाजपा की सरकार में कानून व्यवस्था बेहतर हुई है।