यूपी के गोंडा में धानेपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक हैरतअंगेज घटना सामने आई। करीब 40 वर्षों से सांप पकड़ने का काम कर रहे सपेरे को उसी कोबरा ने डस लिया, जिसे वह पकड़ने गया था। खास बात यह रही कि गंभीर हालत के बावजूद सपेरे ने हिम्मत नहीं हारी और जहरीले कोबरा को बोरे में बंद करके सीधे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंच गया। धानेपुर थाना क्षेत्र के श्री बनकट गांव निवासी राम लखन रविवार सुबह धानेपुर बाजार में निकले कोबरा सांप को पकड़ने पहुंचे थे। रेस्क्यू के दौरान अचानक कोबरा ने उनके हाथ पर डस लिया। इसके बावजूद उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को सुरक्षित बोरे में बंद कर लिया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से राम लखन को मेडिकल कॉलेज लाया गया। वह अपने साथ बोरे में बंद कोबरा भी लेकर पहुंचे, जिसे देखकर इमरजेंसी में मौजूद लोग कुछ देर के लिए दंग रह गए। चिकित्सकों ने तत्काल उनका उपचार शुरू किया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार राम लखन पिछले करीब चार दशकों से क्षेत्र में सांप पकड़ने का कार्य करते आ रहे हैं और अब तक सैकड़ों जहरीले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुके हैं। रविवार को हुई यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।