गोंडा में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय हारीपुर में शनिवार को जनपद स्तरीय स्कूल चलो अभियान-2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन व मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया और बच्चों को स्कूल से जोड़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को पुस्तकों का वितरण किया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों का नामांकन कराकर उनकी शिक्षा सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों व प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और ड्रॉपआउट दर को कम करना है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।