गोंडा में अवैध रूप से संचालित अस्पताल में दो नवजातों की मौत के मामले में सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा का एक विवादित बयान सामने आया है। उनका आठ सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा और सुना जा सकता है कि सीएमओ कह रही हैं कि एक बच्चे की मौत पर सवाल उठ रहे हैं। हजार बच्चे जिंदा हुए हैं लड्डू खाने जाइए। हालांकि एक अन्य वीडियो में सीएमओ ने मामले की जांच कराने की बात कही है। वैसे वायरल वीडियो के मामले में सीएमओ की तरफ से कोई अधिकृत बयान नहीं आया है। दरअसल, बु़धवार को शहर के बहराइच रोड स्थित अवैध रूप से संचालित अस्पताल में दो नवजात की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर एनआईसीयू को सील कर दिया था। मामले में पीड़ित ने डीएम को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।