गोंडा में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने यूरिया खाद की किल्लत पर मसकनवा बाजार के गौरा चौकी मार्ग पर पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया। किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष दीपक वर्मा के नेतृत्व में किसान एकत्र हु्ए। किसानों ने जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे छपिया थाना प्रभारी निरीक्षक राम समुझ प्रभाकर, चौकी प्रभारी मसकनवा तेज नारायन गुप्ता, चौकी प्रभारी हथियागढ़ मयंक वर्मा आदि ने किसानों को समझाया। उच्चाधिकारियों से वार्ता कराई। दो दिन के भीतर जिले के सभी समितियों पर पर्याप्त यूरिया खाद पहुंचने के आश्वासन पर किसानों ने चक्का जाम का कार्यक्रम एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया। किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार अनिल कुमार तिवारी को जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। एडीओ सहकारिता राम सजीवन पांडेय ने बताया कि तहसील मनकापुर के मनकापुर, बभनजोत, छपिया ब्लाक के सभी समितियों पर खाद पहुंच रही है। रविवार से समितियों पर आई हुई खाद का वितरण शुरू कराया जाएगा।