यूपी के गोंडा में हजारों लोग जलभराव की समस्या से प्रभावित हैं। मामला झंझरी ब्लॉक के पथवलिया गांव का है। यहां बना नाला पाट दिया गया है। इस कारण हजारों लोग जलभराव की समस्या से परेशान हैं। सैकड़ों बीघा फसल डूब गई है। यही नहीं सड़क में पानी भरने से लोगों को रेलवे ट्रैक पार करके आना-जाना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे भी हर दिन ट्रैक पार करके स्कूल आते-जाते हैं। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। पथवलिया गांव में दो साल से यह समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोगों ने नाला पाट दिया है। इससे जलनिकासी बाधित हो गई है। गांव के चार मजरे कंदरवा, बखरवा, कुशहवा और कहारनपुरवा में रहने वाली करीब 1500 की आबादी का रास्ता बाधित हो गया है। जलभराव से बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। कुछ लोग अपने बच्चों को रेलवे ट्रैक पार कराकर ले जाते हैं। जून माह में डीएम नेहा शर्मा की चौपाल में भी जलजमाव का मुद्दा गूंजा था। इस पर जांच हुई थी। लेकिन, मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। गांव के विमल दुबे, रामबहादुर दुबे, सोनू दुबे, सुरेश दुबे, हरिराम सहित अन्य का कहना है कि प्रशासन के साथ रेलवे को कई बार पत्र लिखा गया। लेकिन, अभी कुछ नहीं हुआ। एसडीएम सदर अशोक कुमार का कहना है कि समस्या के बारे में जानकारी की जा रही है। निस्तारण कराया जाएगा।