गोंडा में नवाबगंज के तुलसीपुर माझा गांव में शुक्रवार सुबह गन्ने के खेत में बछड़े का क्षत-विक्षत शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि किसी जंगली जानवर के हमले में बछड़े की मौत हुई है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मजरे पूरे अर्जुन निवासी विमलेश यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम बछड़ा खूंटे से गायब हो गया था। शुक्रवार सुबह वह धर्मवीर और देवेश के साथ खेत में खाद डालने गए तो गन्ने के खेत में उसका शव मिला। उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी किसी जंगली जानवर ने बछड़े के गले पर हमला किया था। इलाज के बाद वह बच गया था, लेकिन इस बार उसकी मौत हो गई। वन दरोगा कमल सिंह और सूरज पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर किसी जंगली जानवर के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिले, इसलिए हमलावर की पुष्टि नहीं हो सकी। वन क्षेत्राधिकारी अभिषेक ने बताया कि क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को रात में बलिंकर लाइट का उपयोग करने और आग जलाकर रखने की सलाह दी गई है। अगले दिन भी खोज अभियान जारी रहेगा।